MP में 15 मिनट में 15 करोड़ की डकैती! हथियार लेकर बैंक में घुसे 5 बदमाश, मैनेजर को पीटा
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज बैंक डकैती ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया. शुक्रवार दोपहर बैढ़न इलाके में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस आए और महज 15–20 मिनट में करोड़ों रुपये की लूट कर फरार हो गए. बदमाशों ने न सिर्फ बैंक में मौजूद लोगों को बंधक बनाया, बल्कि विरोध करने पर बैंक मैनेजर को बेरहमी से पीटा और हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. यह वारदात किसी फिल्मी सीन जैसी थी, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे की है, जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दो नकाबपोश बदमाश बैंक के अंदर दाखिल हुए और कुछ ही सेकंड में उनके तीन और साथी हथियार लहराते हुए भीतर आ गए. अचानक हुई इस घटना से बैंक में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी घबरा गए और कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने सभी को गन पॉइंट पर ले लिया.
जब बैंक मैनेजर ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बंदूक की बट से मैनेजर के सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हो गए. बदमाश यहीं नहीं रुके, उन्होंने डर का माहौल बनाने के लिए बैंक के अंदर और बाहर हवाई फायरिंग भी की. लुटेरे बैंक को पूरी तरह अपने कब्जे में लेकर करीब 15 से 20 मिनट तक तांडव मचाते रहे. इस दौरान उन्होंने बैंक में रखा करीब 20 लाख रुपये नकद और 10 किलो सोने का आभूषण समेट लिया. पुलिस के अनुसार, इसमें बैंक में पहले से रखा लगभग 14.50 लाख रुपये और दिन का नया कैश कलेक्शन शामिल है. वारदात के बाद बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही सिंगरौली पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बैंक परिसर का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए. साथ ही बैंक और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. एसपी खत्री ने बताया कि बदमाश बाइक से फरार हुए हैं और लूटी गई राशि का सटीक आकलन किया जा रहा है. जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं.
