जशपुर में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म, पहचान के ही 16 साल के आरोपी ने की वारदात, भेजा गया बाल संप्रेषण गृह

छत्तीसगढ़ के चौकी करडेगा इलाके में 9 साल की मासूम से दुष्कर्म की घटना पर पुलिस ने एक्शन लिया है. इस मामले में आरोपी भी 16 साल का नाबालिग है जिसे हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5डी के तहत केस दर्ज किया है. घटना 15 मार्च 2026 की रात की है, लेकिन इसकी रिपोर्ट 15 अप्रैल 2026 को दर्ज कराई गई. चौकी करडेगा, थाना तपकरा क्षेत्र के एक गांव की निवासी माता-पिता ने पुलिस को बताया कि वे अपनी 9 वर्ष की बेटी के साथ पड़ोसी गांव में एक रिश्तेदार के घर बर्थ डे पार्टी में गए थे. उसी पार्टी में उनका 16 साल का रिश्तेदार बालक भी आया हुआ था.

परिजनों के अनुसार, रात करीब 9 बजे केक खाने के बाद उनकी नाबालिग बेटी पेशाब करने के लिए अकेली घर से बाहर गई थी. कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो रो रही थी. उसके शरीर और कपड़ों पर सूखे पत्ते चिपके हुए थे. पूछताछ करने पर बच्ची ने बताया कि पेशाब करते समय आरोपी बालक वहां अचानक पहुंचा और उसे पकड़कर जबरन खेत की ओर ले गया. वहां पेड़ के नीचे उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता के माता-पिता ने रिपोर्ट में बताया कि मामला गांव और रिश्तेदारी का होने के कारण उन्होंने पहले गांव वालों से सलाह-मशविरा किया. सामाजिक स्तर पर परामर्श के बाद उन्होंने 15 अप्रैल 2026 को चौकी करडेगा में आकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए करडेगा चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की.

9 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला होने के कारण पुलिस ने बिना देरी किए पीड़ित बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 साल के आरोपी बालक को उसके घर से हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है.