सेबेस्टियन ने 2 घंटे से कम में मैराथन पूरी की, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले एथलीट बने

केन्या के सेबेस्टियन सावे 2 घंटे से कम समय में मैराथन पूरा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने लंदन मैराथन (42.195 किलोमीटर ) में 1:59:30 का समय लेकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले रिकॉर्ड केल्विन किपटम के नाम था। उन्होंने 2023 शिकागो मैराथन में 2:00:35 का समय लिया था। सावे ने इसे 65 सेकेंड से सुधारा। उन्होंने एलियुड किपचोगे के 2019 के अनौपचारिक 1:59:40 रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। दूसरे स्थान पर इथियोपिया के योमिफ केजेलचा रहे, जिन्होंने 1:59:41 का समय लिया। वे भी दो घंटे से कम में दौड़ पूरी करने में सफल रहे। युगांडा के जैकब किप्लिमो ने 2:00:28 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।

इथियोपिया की टिगस्ट असेफा ने 2:15:41 के समय के साथ महिलाओं में अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने पिछले साल लंदन में 2:15:50 में मैराथन पूरी कर रिकॉर्ड बनाया था। केन्या की हेलेन ओबिरी और जॉयसिलिन जेपकोसगेई दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। इस कामयाबी में तकनीक का भी बड़ा योगदान रहा। सावे और केजेलचा ने एडिडास के ‘Adizero Adios Pro Evo 3’ जूते पहनकर दौड़ लगाई। इनकी कीमत 500 डॉलर (करीब 41,700 रुपए) है और वजन 97 ग्राम है। कंपनी के अनुसार ये 30% हल्के हैं और रनिंग इकोनॉमी 1.6% तक बेहतर करते हैं।