रायपुर में फिल्मी स्टाइल में 50 लाख की लूट..कारोबारी के ड्राइवर ने अकाउंटेंट को भेजा गुटखा लाने, फिर कैश लेकर हुआ फरार

रायपुर के गीतांजलि नगर इलाके में एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी का ड्राइवर 50 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। आरोपी ने पैसे लेकर भागने से पहले कारोबारी के अकाउंटेंट को खम्हारडीह थाने के पास उतारकर गुटखा लाने के लिए भेजा। जैसे ही अकाउंटेंट गाड़ी से नीचे उतरा, ड्राइवर ने गाड़ी स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित कारोबारी उमेश प्रसाद के रिश्तेदार अखिलेश प्रसाद की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू पिछले एक साल से कारोबारी के यहां काम कर रहा था और घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद है।

शनिवार को उमेश प्रसाद ने अपने ड्राइवर और अकाउंटेंट को 50 लाख रुपए का कैश दिया था। रास्ते में खम्हारडीह थाने के पास ड्राइवर ने अकाउंटेंट को गुटखा लेने भेजा और जैसे ही अकाउंटेंट गाड़ी से बाहर हुआ, कृष्णा साहू ने गाड़ी स्टार्ट की और फरार हो गया। घटना के बाद कारोबारी ने अपने रिश्तेदार को सूचित किया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। आसपास के इलाकों में आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। खम्हारडीह थाना प्रभारी आईपीएस मान्सी नानाभाई साकुरे ने बताया कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
आरोपी कृष्णा साहू भाठागांव का रहने वाला है और कारोबारी के साथ पिछले एक साल से काम कर रहा था। घटना के बाद से आरोपी का मोबाइल बंद है और वह फरार है, पुलिस जल्द ही उसे पकड़ने के लिए अलग-अलग इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।