प्रेमी संग भागी पत्नी तो पति ने दे दी जान, बालोद के अर्जुंदा की घटना

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के चौरेल गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शख्स की पत्नी प्रेमी के साथ भागकर उसके गांव चली आई. महिला ने प्रेमी के साथ रहने की जिद पकड़ ली. जिससे आहत होकर महिला के पति ने जान दे दी. उसने अपनी पत्नी के प्रेमी के घर के सामने घातक कदम उठा लिया.

पुलिस ने इस घटना के बाद केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है. पुलिस के मुताबिक किलेपार गांव के परमानंद यादव की पत्नी अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी. परमानंद बीते तीन दिनों से अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए हर तरह की कोशिश कर रहा था. परमानंद की पत्नी अपने प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी हुई थी. उसने वापस घर लौटने से मना कर दिया. जिसके बाद पीड़ित परमानंद में यह घातक कदम उठा लिया.

पत्नी के व्यवहार और घर टूटने के गम में परमानंद काफी मानसिक तनाव में था. शनिवार रात वह अपनी पत्नी के प्रेमी के गांव चौरेल पहुंचा. पत्नी के प्रेमी के घर के ठीक सामने ही उसने जान दे दी. रविवार को इस केस का खुलासा हुआ. उसके बाद पुलिस इस केस की जांच में जुट गई है.

अर्जुंदा थाना प्रभारी ने बताया कि इस केस में अभी दोनों पक्षों के बयान लिए जाने बाकी है. उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.