यूपी में गंगा एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार; PM मोदी आज करेंगे लोकार्पण, 12 जिलों से होकर गुजरेगा
मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का पीएम नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को उद्घाटन करेंगे. 594 किलोमीटर का यह एक्सप्रेस-वे कुल 12 जिलों से होकर गुजरेगा. रायबरेली मे दो एग्ज़िट हैं, जिसमें एक लालगंज के पास ऐहार और दूसरा ऊंचाहार के पास जगतपुर है. जगतपुर एग्जिट पर मंगलवार को होने वाले एक्सप्रेस वे उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारी पूरी हो चुकी है. हाईवे इंजीनियर यदुवेन्द्र सिंह परमार ने बताया कि लगभग सभी तैयारी पूरी है. उन्होंने बताया कि जो काम बचा है, उसे रात भर में पूरा कर लिया जाएगा. कल होने वाले कार्यक्रम में जिले के आलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों के साथ अडानी प्रोजेक्ट के इंजीनियर अन्य प्रोजेक्ट के इंजीनियर के साथ-साथ क्षेत्र की जनता भी कार्यक्रम में रहेगी.
जिलाधिकारी ने की बैठक : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सोमवार को गंगा एक्सप्रेस-वे लोकार्पण कार्यक्रम के संबंध में बैठक की. बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनपद हरदोई से गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है. इसी क्रम में जनपद के तहसील ऊंचाहार में स्थित ग्राम रोझइया भीखमशाह चेंज रोड टोल प्लाजा के निकट जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है.
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के दृष्टिगत जनपद स्तरीय कार्यक्रम के लिए सभी व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण कराना सुनिश्चित करें. इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी ऊंचाहार विवेक राजपूत, उपजिलाधिकारी राजेश श्रीवास्तव, जिलापूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी बृजेश तिवारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे.
गंगा एक्सप्रेसवे के भव्य उद्घाटन की तैयारी प्रयागराज से मेरठ तक हर जिले में चल रही है. मेरठ में बिजोली के नजदीक प्रशासन ने भव्य पंडाल लगाया है. इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. डीएम वीके सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन अवसर पर मेरठ में भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा.
