पाकिस्तानी नेता नबील गबोल बोले- मैं ‘धुरंधर 3’ बनाऊंगा, कहा- मैं राकेश बेदी नहीं हूं, फिल्म से ऐसा जवाब दूंगा….

पाकिस्तानी पॉलिटिशियन नबील गबोल ने पाकिस्तान के ल्यारी इलाके पर आधारित एक फिल्म बनाने की बात कही। जिसका नाम ल्यारी का गब्बर होगा। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में नबील ने कहा कि अब मैं भारत को जवाब दूंगा, उन्होंने ल्यारी के खिलाफ धुरंधर 1 और धुरंधर 2 बनाई है। मैं उनको धुरंधर 3 बनाकर दूंगा, लेकिन उसका नाम धुरंधर नहीं होगा, बल्कि ल्यारी का गब्बर होगा। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने किससे पंगा लिया है? मुझसे। मैं कौन हूं? मैं नबील गबोल हूं, मैं राकेश बेदी नहीं हूं। मैं ऐसा जवाब दूंगा, जिसे आदित्य धर याद रखेंगे और मोदी, जिनके पैसों से आपने धुरंधर बनाई है, उन्हें भी पता चल जाएगा जब धुरंधर 3 आएगी।

धुरंधर 5 दिसंबर 2025 को ग्लोबली रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन नजर आए थे। फिल्म आदित्य धर ने डायरेक्ट की थी। धुरंधर ने भारत और अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दुनियाभर में करीब 1,307 करोड़ रुपए कमाए।

भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,005.85 करोड़ रुपए रहा, जबकि नेट कलेक्शन लगभग 840 करोड़ रुपए हुआ। विदेशी बाजारों में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। ओवरसीज में इसने करीब 299.5 करोड़ रुपए कमाए। अमेरिका और कनाडा में 193.06 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर बाहुबली 2 का रिकॉर्ड भी तोड़ा।

धुरंधर का दूसरा पार्ट ग्लोबली 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था। फिल्म की अब तक की कुल दुनिया भर में कमाई 1,780.76 करोड़ रुपए हो चुकी है। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 1,132.94 करोड़ रुपए और कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,356.01 करोड़ रुपए तक हो गया है। फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों से अब तक 424.75 करोड़ रुपए की कमाई की है।