इस जेल में जाने के लिए जुर्म नहीं, सिर्फ 500 की पर्ची कटेगी, देखें क्या है ‘फील द जेल’

दुनिया में शौक बड़ी चीज है. कोई पहाड़ों पर जाता है तो कोई समुद्र किनारे, लेकिन क्या आपने कभी अपनी मर्जी से सलाखों के पीछे रहने का ख्वाब देखा है? अगर हां, तो हैदराबाद की चंचलगुडा जेल आपकी इस हसरत को पूरा करने के लिए तैयार है. ‘फील द जेल’ (Feel the Jail) नाम की इस स्कीम में आपको बिना किसी एफआईआर (FIR) के कैदी बनने का पूरा लुत्फ मिलेगा. बस 500 रुपये का टिकट कटाइए और भूल जाइए कि आप आजाद परिंदे हैं.

यह कोई फिल्म का सेट नहीं, बल्कि एक असली हाई-सिक्योरिटी जेल के अंदर बना म्यूजियम है. यहां आपको वही मोटा अनाज वाला खाना, वही खुरदरी दरी और वही सख्त अनुशासन मिलेगा, जो एक असली मुजरिम झेलता है. सुबह तड़के उठना, लाइन में लगना और जेल के नियम मानना…ये सब इस पैकेज का हिस्सा है. दरअसल, इसका असली मकसद युवाओं को यह समझाना है कि, अपराध की दुनिया जितनी बाहर से ग्लैमरस लगती है, अंदर से उतनी ही बेरंग और बेमजा है. ये सिलसिला साल 2016 में संगारेड्डी की पुरानी जेल से शुरू हुआ था, जो निजामों के वक्त की थी. वहां की कामयाबी के बाद अब चंचलगुडा जेल को भी इसी सांचे में ढाला गया है. यहां आप पुरानी हथकड़ियां, जंजीरें और कैदियों द्वारा बनाई गई मशीनें देख सकते हैं.

यह कोई लग्जरी रिजॉर्ट नहीं है, बल्कि एक ऐसा तजुर्बा है, जो आपको आजादी की कीमत सिखा देगा. उन कोठरियों की खामोशी आपको बताएगी कि घर की दाल-रोटी जेल के पनीर से लाख गुना बेहतर क्यों है.