इस राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा, DA-DR में 2% बढ़ोतरी का ऐलान, एरियर का भी मिलेगा फायदा

अरुणाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा राहत भरा तोहफा दिया है. सरकार ने डियरनेस अलाउंस (DA) और डियरनेस रिलीफ (DR) में 2% बढ़ोतरी का ऐलान किया है. इसके बाद अब कर्मचारियों और पेंशनर्स को 60% की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा. यह फैसला बढ़ती महंगाई के बीच लाखों परिवारों के लिए राहत माना जा रहा है. राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कर्मचारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे भी लोगों के कल्याण और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे. राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बढ़ा हुआ DA और DR 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा. यानी कर्मचारियों और पेंशनर्स को जनवरी से ही इसका लाभ मिलेगा. सरकार जनवरी से अप्रैल 2026 तक का एरियर भी देगी.

सरकार ने साफ किया है कि बढ़ा हुआ DA ऑल इंडिया सर्विस ऑफिसर्स, राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों और राज्य सरकार में डेपुटेशन पर काम कर रहे केंद्र सरकार के कर्मचारियों पर लागू होगा. वहीं, बढ़ा हुआ DR सभी पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को मिलेगा.सरकार के मुताबिक, इस फैसले का फायदा राज्य के 69,248 नियमित कर्मचारियों और 40,477 पेंशनर्स को मिलेगा. यानी कुल मिलाकर एक लाख से ज्यादा लोगों को इस फैसले से सीधा लाभ मिलने वाला है.

सरकार ने कहा है कि जनवरी से अप्रैल 2026 तक का एरियर कैश में दिया जाएगा. वहीं मई 2026 से बढ़ा हुआ DA और DR कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन के साथ हर महीने मिलना शुरू हो जाएगा.इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना करीब 100.54 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा. वहीं एरियर भुगतान पर लगभग 33.51 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

इससे पहले बीते महीने केंद्र सरकार ने भी केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA और DR में 2% बढ़ोतरी का ऐलान किया था. केंद्र के फैसले के बाद DA 58% से बढ़कर 60% हो गया. यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू की गई थी.केंद्र सरकार के इस फैसले से करीब 50.46 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.27 लाख पेंशनर्स को फायदा मिला. सरकार के अनुसार, इससे सरकारी खजाने पर सालाना लगभग 6,791.24 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ आएगा. यह बढ़ोतरी 7वें पे कमीशन की सिफारिशों के आधार पर की गई थी.

केंद्र सरकार के फैसले के बाद राजस्थान सरकार ने भी राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA और DR में 2% बढ़ोतरी की घोषणा की थी. इसके बाद वहां भी महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% हो गया.राजस्थान सरकार के इस फैसले से करीब 7.02 लाख कर्मचारियों और 5.44 लाख पेंशनर्स को फायदा मिला. सरकार ने कहा था कि जनवरी से अप्रैल 2026 तक का एरियर कर्मचारियों के खाते में जमा किया जाएगा, जबकि पेंशनर्स को बढ़ा हुआ DR कैश में मिलेगा.

केंद्र और राज्यों की तरफ से लगातार DA बढ़ाए जाने से सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई से राहत मिल रही है. आने वाले समय में दूसरे राज्यों में भी इसी तरह के फैसले देखने को मिल सकते हैं.