संबित मिश्रा होंगे रायपुर निगम के नए आयुक्त, 2018 बैच के हैं IAS अधिकारी

रायपुर नगर निगम में नए आयुक्त की नियुक्ति कर दी गई है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी संबित मिश्रा अब निगम आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे। प्रशासनिक हलकों में उनकी पहचान फील्ड में सक्रिय और तकनीक आधारित कार्यशैली अपनाने वाले अधिकारी के रूप में रही है। ओडिशा के भुवनेश्वर निवासी संबित मिश्रा ने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 51वीं रैंक हासिल की थी। उन्होंने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग और जेएनयू से पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स की पढ़ाई की है। अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने नगरीय प्रशासन, पंचायत और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। रायगढ़ नगर निगम आयुक्त, जशपुर जिला पंचायत CEO और कोरबा जिला पंचायत CEO के रूप में कई योजनाओं के क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

बीजापुर कलेक्टर रहते हुए उनकी कार्यशैली खास चर्चा में रही। नक्सल प्रभावित गांवों तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करना और मौके पर समस्याओं का समाधान निकालना उनकी पहचान बना। दूरस्थ गांव बांगोली तक पैदल पहुंचने की तस्वीरें भी काफी वायरल हुई थीं। अब रायपुर नगर निगम में उनके सामने शहर की सफाई व्यवस्था, जलभराव, ट्रैफिक, अतिक्रमण, अवैध निर्माण और टैक्स वसूली जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। साथ ही स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की गति और जमीनी मॉनिटरिंग पर भी उनकी कार्यशैली की परीक्षा होगी। माना जा रहा है कि वे फील्ड विजिट और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए निगम प्रशासन में तेजी लाने की कोशिश करेंगे।