मोदी ने तेलंगाना CM से कहा- मुझसे ही जुड़ो, 10 साल में जितना गुजरात को मिला, आपको देने को तैयार, रेवंत हंसने लगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी से मजाक में NDA के साथ आने को कहा। दरअसल पीएम राज्य में 9,400 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का इनॉगरेशन करने पहुंचे थे। पीएम ने यहां हल्के-फुल्के अंदाज में रेड्डी से कहा कि केंद्र सरकार ने 10 साल में गुजरात को जो दिया, मैं तेलंगाना को देने के लिए तैयार हूं। मेरी जानकारी के मुताबिक ऐसा करते ही आपको अभी जो सरकार से मिल रहा है, वह आधा हो जाएगा। इसलिए बेहतर होगा कि आप मुझसे ही जुड़ो। हालांकि पीएम ने ये बातें तेलंगाना सीएम की एक सिफारिश के चलते कहीं। इसमें रेवंत ने अपने भाषण में पीएम से कहा कि जिस तरह मनमोहन सरकार में गुजरात का विकास हुआ, उसी तरह तेलंगाना का भी विकास हो।

रेवंत रेड्डी ने कहा, जब मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री थे। तब मोदी मुख्यमंत्री थे और उन्होंने 10 साल में ‘गुजरात मॉडल’ को साकार किया। इसी तरह, तेलंगाना के लोगों को उम्मीद है कि अगले 10 साल में मेरे मुख्यमंत्री रहते हुए ‘तेलंगाना विकास मॉडल’ भी साकार होगा। जिस तरह मनमोहन सिंह ने गुजरात का समर्थन किया था, उसी तरह हम तेलंगाना के विकास में समर्थन करने का अनुरोध करते हैं।

रेवंत ने यह भी कहा कि जहां एक ओर मोदी भारत का विकास चाहते हैं, वहीं उन्हें तेलंगाना को भी साथ लेकर चलना चाहिए। तेलंगाना के विकास के लिए, कृपया दो घंटे का समय निकालें, ताकि हम आपके सामने अपने विकास प्रस्ताव पेश कर सकें।

रेवंत की बात का जवाब देते हुए पीएम ने कहा- जो कुछ भी केंद्र सरकार (पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में) ने गुजरात को 10 साल में दिया (जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे), मैं भी आपको वह सब देने के लिए तैयार हूं। लेकिन तब राज्य के पास उतना भी नहीं बचेगा, जितना उसे अभी केंद्र से मिल रहा है और आप अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएंगे। बेहतर यही है कि आप मेरे साथ आ जाएं।

तेलंगाना में पिछले विधानसभा चुनाव 30 नवंबर 2023 को हुए थे। कांग्रेस पार्टी ने बहुमत हासिल किया और रेवंत रेड्डी मुख्यमंत्री बने, जबकि भारत राष्ट्र समिति (BRS) सत्ता से बाहर हो गई। भाजपा को सिर्फ 8 सीटें मिलीं थीं। मोदी ऐसे में अगले चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुट गए हैं। आंध्र प्रदेश में एनडीए की सरकार है। चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी भाजपा के साथ है। ऐसे में भाजपा चाहती है कि पड़ोसी राज्य में भी सरकार बने। दरअसल तेलंगाना 2024 में आंध्र प्रदेश से अलग होकर ही नया राज्य बना था।

पीएम मोदी ने तेलंगाना के वारंगल में PM MITRA पार्क का भी इनॉगरेशन किया। इसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से भी जाना जाता है। करीब 1,700 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से विकसित यह भारत का पहला पूरी तरह से काम करने वाला PM MITRA पार्क है। यह भारत सरकार के ‘5F’ विजन को साकार करता है – Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign (यानी खेत से फाइबर तक, फैक्ट्री से फैशन तक और फैशन से विदेश तक)।