नेपाल में टला बड़ा हादसा, तुर्किए से आ रहे विमान में लगी आग, 277 यात्री थे सवार
नेपाल में एक बड़ा विमान हादसा टल गया. काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टर्किश एयरलाइंस के विमान में आग लग गई , जिससे हड़कंप मच गया. आग विमान के पहियों में लगी थी. ये घटना उस समय हुई जब विमान लैंडिंग कर रहा था. विमान में 277 यात्री और 11 क्रू मेंबर सवार थे. घटना के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला गया. पुलिस के मुताबिक, सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं. घटना की जानकारी देते हुए एयरपोर्ट सुरक्षा के एसपी राजकुमार सिलवाल ने न्यूज एजेंसी एएनआई को फोन पर बताया कि टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK 726 जो इस्तांबुल से काठमांडू जा रही थी. लैंडिंग के दौरान उसके टायर में आग लग गई. फायर इंजन की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, इस फ्लाइट में 277 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य मौजूद थे. इनमें कुछ यूनाइडेट नेशन के लोग भी मौजूद थे. त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले भी इस तरह घटना देखी गई है. साल 2024 में विमान रनवे से ऊपर जा कर अचानक नीचे की ओर मुड़कर गिर गया था. नीचे गिरते ही विमान में धमाका हो गया और इसमें आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि धुएं का गुबार काफी दूर तक फैल गया था. हादसे में विमान में सवार 19 लोगों में 18 लोग जिंदा जलकर मर गए थे. सिर्फ इकलौते पायलट बचे थे, जो बुरी तरह घायल हो गए थे. नेपाल सरकार ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए थे. नेपाल में साल 2010 से अब तक कई ऐसे विमान हादसे हो चुके हैं, जिनमें देश नें बहुत से अपने नागरिकों को खोया है.
