IPL में गुजरात ने हैदराबाद को 86 पर ऑलआउट किया, 82 रन से जीता मुकाबला, टेबल के टॉप पर आई टीम
गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 में लगातार पांचवीं जीत हासिल कर ली। उसने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ गुजरात 16 पॉइंट्स के साथ टेबल के टॉप पर पहुंच गई हैं। टीम अब प्लेऑफ से एक जीत दूर है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस जीतकर हैदराबाद ने बॉलिंग चुनी। गुजरात ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 168 रन बनाए। साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। वाशिंगटन सुंदर ने 33 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। हैदराबाद से प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट लिए। उनके अलावा पैट कमिंस को एक विकेट मिला।
जवाब में हैदराबाद 14.5 ओवर में 86 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए कप्तान पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा 19 रन बनाए। गुजरात के लिए कागिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 3-3 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा को 2 सफलता मिली। गुजरात ने हैदराबाद को हराकर पॉइंट्स टेबल पर पहला पायदान हासिल कर लिया। टीम के अब 12 मैच में 8 जीत के साथ 16 पॉइंट्स हो गए हैं। हैदराबाद 14 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
