लखनऊ: अपर्णा से मिले CM योगी, प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजलि
प्रतीक यादव के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट किया है. उन्होंने लखनऊ स्थित आवास पहुंचकर प्रतीक की पत्नी और बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की. उनके साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी मौजूद रहे. इस दौरान अपर्णा हाथ जोड़े खड़ीं नजर आईं. माहौल बेहद गमगीन था. बता दें कि आज सुबह प्रतीक यादव का निधन हुआ था. पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर लखनऊ स्थित आवास पर लाया गया है. अखिलेश यादव, डिंपल यादव और शिवपाल यादव समेत परिवार के तमाम लोग श्रद्धांजलि देने लिए पहुंचे हैं.
अखिलेश जब प्रतीक के आवास पर पहुंचे तभी गाड़ी के पास से पैदल बीजेपी सांसद साक्षी महाराज निकल रहे थे. अखिलेश ने गाड़ी से उतरकर साक्षी महाराज को गले लगाया. साक्षी महाराज ने कहा हमारे और इनके पुराने संबंध हैं. आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के निधन हो गया. लखनऊ के सिविल अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है. इस दुखद घड़ी में संवेदनशीलता दिखाते हुए भाजपा और सपा ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं.
