IPL- चेन्नई तीन मैच जीतने के बाद हारी, लखनऊ 7 विकेट से जीती, मिचेल मार्श ने 90 रन बनाए

लखनऊ सुपर जायंट्स ने IPL में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में लखनऊ ने 188 रन का टारगेट 16.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। चेन्नई ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन बनाए थे। चेन्नई लगातार तीन मैच जीतने के बाद हारी है। चेन्नई के 12 मैचों से 12 अंक हैं। टीम पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए चेन्नई को बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। लखनऊ के अब 12 मैचों से आठ अंक हैं। प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम 10वें स्थान पर है।

जीत के हीरो मिचेल मार्श रहे, जिन्होंने 38 गेंदों में 90 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं जोस इंग्लिस ने 36 रन बनाकर 135 रन की शानदार ओपनिंग साझेदारी निभाई। आखिर में निकोलस पूरन 17 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 17वें ओवर में अंशुल कंबोज को लगातार चार चौके जड़े। चेन्नई की ओर से मुकेश चौधरी और स्पेंसर जॉनसन को 1-1 विकेट मिला, लेकिन गेंदबाज लखनऊ के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके। खासकर अंशुल कंबोज काफी महंगे साबित हुए और 2.4 ओवर में 63 रन लुटा बैठे।

चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले में ही दो बड़े विकेट गिर गए, लेकिन इसके बाद कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभाला। कार्तिक ने 42 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं ब्रेविस ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी हुई। आखिर में शिवम दुबे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, जबकि प्रशांत वीर ने 13 रन का योगदान दिया।

लखनऊ की ओर से डेब्यू कर रहे आकाश सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। मोहम्मद शमी और शहबाज अहमद को 1-1 विकेट मिला।