दूल्हे राजा ने ससुर को मारा थप्‍पड़, भड़की दुल्हन ने लौटा दी बारात, महिलाओं संग नाचने पर हुआ विवाद

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में दूल्हे राजा की बेवकूफी से शादी की खुशियों में सन्नाटा पसर गया। द्वारचार के बीच डांस में बरातियों का मान न रखने से नाराज दूल्हे ने ससुर को एक थप्पड़ जड़ दिया जिसे दुल्हन गुस्से से तिलमिला उठी। उसने शादी का जोड़ा फेंकते हुए बारात लौटा दी। दुल्हन के तेवर देख बारात बैरंग लौट गई। पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा हो रही है। सुमेरपुर ब्लॉक के विदोखर पुरई निवासी गंगाराम अनुरागी की बेटी संजना की शादी महोबा के गनेशा के साथ हुई थी। बारात विदोखर पुरई गांव पहुंची। स्वागत सत्कार के बाद हंसी-खुशी के साथ द्वारचार के उपरांत चढ़ावें की रस्म पूरी की गई। चढ़ावें के बाद भंवरों की रस्म होनी थी। इसके पूर्व बुंदेलखंड में जनवासे पर जाकर कन्या पक्ष की महिलाएं दूल्हे को लाहकौर खिलाकर भंवरों के लिए आमंत्रित करती हैं।

कन्या पक्ष की तीस से ज्यादा महिलाएं जनवासे में दूल्हे को लाहकौर खिलाने की परंपरा का निर्वहन करने गई थीं। बताते हैं कि कुछ महिलाएं बैंड बाजे में जनवासे पर नाचने लगी। महिलाओं को नाचता देखकर कुछ बराती भी नाचने लगे। बरातियों के नाचने पर महिलाएं एक तरफ हो गईं। यह बात बरातियों को नागवार लगी और वह महिलाओं का हाथ पकड़ कर जबरिया नाचने के लिए मजबूर करने लगे जिससे स्थिति असहज हो गई।

दुल्हन के मामा हरदेव और पिता गंगाराम ने विरोध जताया। उनके विरोध जताने पर बराती भड़क उठे और मारपीट पर आमादा हो गए। इससे जनवासे में अपना तफरी मच गई। इसी बीच तैश में आकर दूल्हे गनेशा ने होने जा रहे ससुर को थप्‍पड़ मार दिया। यह बात जब दुल्हन संजना को पता चली तो उसने पिता के साथ हुई अभद्रता से आहत होकर फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया।

बाद में दोनों पक्षों के मध्य सुलह समझौते का भी प्रयास हुआ। पुलिस भी मौके पर पहुंची परंतु बात नहीं बन सकी है और दूल्हे को बिना दुल्हन के बरात वापस ले जाने को मजबूर होना पड़ा। यह घटना गांव सहित आसपास चर्चा का विषय बनी हुई है। चौकी इंचार्ज मनीष पटेल ने बताया कि सूचना पर वह पहुंचे थे। लेकिन दोनों पक्ष सुलह समझौते की बात करके वापस कर दिया था।