राजनांदगांव में अवैध खाद भंडारण की कालाबाजारी, 2300 बोरी जब्त, गोदाम सील

राजनांदगांव जिले में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम माड़ीतराई में प्रशासन ने बड़ी छापामार की कार्रवाई करते हुए लगभग 2300 बोरी खाद जब्त की है। कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद गोदाम को तत्काल सील कर दिया गया। यह पूरी कार्रवाई राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर की गई। जिसके बाद कृषि, राजस्व और प्रशासनिक अमले की संयुक्त टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने गोदाम में भारी मात्रा में खाद का भंडारण पाया। जिसके दस्तावेजों और वैधता की जांच शुरू कर दी गई है। जिले में इतनी बड़ी मात्रा में खाद जब्त होने का यह पहला मामला माना जा रहा है।

सबसे अहम बात यह रही कि जिस परिसर में खाद का भंडारण मिला,वह ग्राम माड़ीतराई के कथित तौर पर सरपंच से जुड़े घर का बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर गोदाम को सील कर दिया। गांव में दिनभर लोगों की भीड़ जुटी रही और कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही। परिवहन दस्तावेज और लाइसेंस संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खाद कारोबार पर प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई दे रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते है। तथा संबंधित लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं इसको लेकर कलेक्टर ने कहा कि जिले में खाद का पर्याप्त भंडारण है, आगामी सीजन में पैनिक करने जैसी स्थिति नहीं है। पिछले सीजन से ज्यादा खाद उपलब्ध है। हमने जिले में कार्रवाई की है। हम एक जगह से 2300 बोरी अवैध खाद का भंडारण मिला है। इसके संबंध में आवश्यक दस्तावेज नहीं थे। इसको लेकर जब्त बनाई गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।