यूक्रेन का मॉस्को पर 600 ड्रोन से हमला, एक भारतीय समेत चार की मौत
रूस के मॉस्को क्षेत्र में रविवार को यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य भारतीय घायल हो गए। भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दूतावास के अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायल कर्मचारियों से मिले हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय कर्मचारी की जान गई है। तीन अन्य घायल हैं और उन्हें जरूरी मदद उपलब्ध कराई जा रही है। दूतावास स्थानीय प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के साथ मिलकर काम कर रहा है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब हाल ही में यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के बड़े ड्रोन और मिसाइल हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हुई थी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर किए गए इस हमले को पूरी तरह जायज बताया। उन्होंने कहा कि रूस लगातार यूक्रेन के शहरों और लोगों पर हमले कर रहा है, इसलिए यूक्रेन की प्रतिक्रिया उचित है। जेलेंस्की ने कहा कि इस बार यूक्रेन की लंबी दूरी तक मार करने वाली कार्रवाई मॉस्को क्षेत्र तक पहुंची है और रूस को यह संदेश दिया गया है कि उसे युद्ध खत्म करना चाहिए। रूसी अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन ने रातभर में करीब 600 ड्रोन से हमला किया। इन हमलों में कुल चार लोगों की मौत हुई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में 556 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जबकि सुबह होने के बाद 30 और ड्रोन नष्ट किए गए। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, यह अब तक के सबसे बड़े यूक्रेनी ड्रोन हमलों में से एक था।
ड्रोन हमलों को रूस के 14 क्षेत्रों के अलावा क्रीमिया, ब्लैक सी और अजोव सागर के ऊपर भी रोका गया। क्रीमिया पर रूस ने पहले ही कब्जा कर रखा है, जिसे यूक्रेन अपना हिस्सा मानता है। रूस-यूक्रेन युद्ध लगातार तेज होता जा रहा है और दोनों देशों के बीच बड़े हमले जारी हैं।
