राजस्थान, MP-UP में अगले 10 दिन सूखी-गर्म हवाएं चलेंगी, तापमान भी 45°C से ज्यादा रहेगा
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के 22 शहरों में मंगलवार को पारा 45°C के पार पहुंच गया। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक पूरे मई में MP के कई शहरों में तापमान 45°C से ज्यादा रहेगा। यूपी का बांदा लगातार तीसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा, यहां तापमान 48.2°C था। यहां बीते दो पारा 46°C तक पहुंचा था। बांदा में 15 मई 2022 को तापमान 49°C रहा था। यह यहां के इतिहास में सबसे ज्यादा था। पूरे यूपी की बात करें तो 22 जिलों में पारा 40°C रहा है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 45.1° रहा, जो 2 साल में सबसे अधिक था। स्काईमेट के मुताबिक अभी वेस्टर्न डिस्टर्वेंस कमजोर है, कोई वेदर सिस्टम नहीं आ रहा है। शहरों का तापमान 47°C तक जा सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात में अगला एक हफ्ता शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य भारत के ऊपर विशाल चक्रवात बना हुआ है। इससे हीटवेव चलेगी।
दिल्ली में मंगलवार को इस साल का चौथा हीटवेव डे दर्ज किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1°C रहा, जबकि रिज इलाका 46.5°C के साथ सबसे गर्म रहा।
पंजाब के फरीदकोट में तापमान 47.3°C पहुंच गया। हरियाणा के रोहतक में 46.9°C और नारनौल में 45°C तापमान दर्ज हुआ। चंडीगढ़ में पारा 43.2°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4°C ज्यादा है।
