इटली में मोदी-मेलोनी एक ही कार में घूमे, 2000 साल पुराने कोलोजियम में सेल्फी ली, इटेलियन PM बोलीं- वेलकम माइ फ्रेंड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे। वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने रोम की सड़कों पर साथ कार राइड की और करीब 2000 साल पुराने ऐतिहासिक कोलोजियम का दौरा भी किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने साथ में डिनर भी किया और कई अहम मुद्दों पर अनौपचारिक बातचीत भी की। मेलोनी ने मोदी के साथ सेल्फी शेयर करते हुए लिखा, “वेलकम माइ फ्रेंड।” दोनों नेताओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। PM मोदी ने एक्स पर मुलाकात की तस्वीर पोस्ट कर लिखा कि आज होने वाली औपचारिक बातचीत में भारत-इटली दोस्ती को और मजबूत करने पर चर्चा जारी रहेगी। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।
इस दौरे के दौरान भारत और इटली अपने रिश्तों को और मजबूत करते हुए उन्हें ‘स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा देने पर चर्चा कर सकते हैं। दोनों देश आने वाले वक्त में सालाना रेगुलर बैठकें शुरू करने पर भी विचार कर रहे हैं।
भारत और इटली के बीच पिछले कुछ सालों में राजनीतिक और आर्थिक रिश्तों में तेजी आई है। दोनों देश रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, विज्ञान और नई तकनीकों के क्षेत्र में लगातार सहयोग बढ़ा रहे हैं।
फिलहाल भारत और इटली के बीच व्यापार 14 अरब यूरो (14 लाख करोड़ रुपए) से ज्यादा का है। दोनों देश विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, मशीनरी, फार्मा, रक्षा और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर काम कर रहे हैं।
पीएम मोदी इटली के बड़े उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस बैठक में निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और भारत में नई औद्योगिक पार्टनरशिप पर चर्चा होने की संभावना है। पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी मिडिल-ईस्ट तनाव, रूस-यूक्रेन वॉर, इंडो-पैसिफिक की सुरक्षा, एनर्जी सिक्योरिटी और ग्लोबल सप्लाई चेन पर चर्चा करेंगे।
