रायपुर एयरपोर्ट में बड़ा हादसा, 30 फीट ऊंचाई से गिरा मजदूर, हुई मौत
रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट परिसर में एक बड़ा हादसा सामने आया है। एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में सीलिंग रिपेयरिंग का काम कर रहा एक मजदूर करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में मजदूर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक मजदूर एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल की सीलिंग रिपेयरिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे फर्श पर आ गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद एयरपोर्ट स्टाफ और अन्य लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि मजदूर की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।प्राथमिक जानकारी में काम के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मजदूर बिना सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम कर रहा था। अब इस मामले में लापरवाही को लेकर जांच की बात कही जा रही है।
