बंगाल: PM मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिली जान से मारने की धमकी, खौफ में परिवार
पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने हाथ की बनी ‘झालमुड़ी’ खिलाने वाले एक स्थानीय दुकानदार को अब अंतरराष्ट्रीय नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. जिस लोकप्रियता ने इस दुकानदार को रातों-रात सोशल मीडिया का स्टार बना दिया था, वही शोहरत अब उसके और उसके पूरे परिवार के लिए खौफ का सबब बन चुकी है. यह पूरा मामला बीते 19 अप्रैल का है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे. रैली खत्म होने के बाद जब पीएम मोदी का काफिला लौट रहा था, तब वे अचानक सड़क किनारे ‘झालमुड़ी’ बेचने वाले बिक्रम साऊकी दुकान पर रुक गए.
पीएम मोदी ने बड़े चाव से बिक्रम के हाथ की बनी झालमुड़ी खाई और उससे बातचीत भी की. इस वाकये के बाद बिक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और देखते ही देखते लोग उसकी दुकान पर बड़ी संख्या में पहुंचने लग गए.
बिक्रम साऊ का आरोप है कि अचानक मिली यह लोकप्रियता अब बिक्रम और उनके परिवार के लिए डर का सबब बन गई है. पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल फोन पर पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार फोन कॉल्स और व्हाट्सएप वीडियो कॉल्स आ रहे हैं. पीड़ित दुकानदार ने दावा किया कि इन कॉल्स के जरिए उन्हें और उनके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की सीधी धमकियां दी जा रही हैं. इस घटना ने बिक्रम साऊ और उनके परिवार को गहरे डर और चिंता में डाल दिया है. इस मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को पहले ही दे दी गई है. शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आ रही इन धमकी भरी कॉल्स ने इलाके में चिंता और सनसनी भी पैदा कर दी है.
