IPL में आज लखनऊ Vs पंजाब, प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने उतरेगी पंजाब

IPL में शनिवार को पंजाब किंग्स (PBKS) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगा। मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। पंजाब के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। पहले हाफ में 7 में से 6 मैच जीतने वाली टीम लगातार 6 मुकाबले हार चुकी है। पंजाब को लखनऊ के खिलाफ जीत के बाद रविवार के अन्य मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। दूसरी तरफ, लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।

IPL में दोनों टीमें 7 बार भिड़ चुकी हैं। लखनऊ ने 3 और पंजाब ने 4 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा। इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। पहले मुकाबले में पंजाब ने अपने होमग्राउंड पर लखनऊ को हराया था। लखनऊ के लिए सबसे बड़ी राहत मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की शानदार फॉर्म है। पिछले मैच में दोनों ने 8.2 ओवरों में 109 रन की साझेदारी की थी। निकोलस पूरन पिछले 4 मैचों में केवल 87 रन बना सके हैं और फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। कप्तान ऋषभ पंत के बल्ले से इस सीजन केवल एक अर्धशतक निकला है। पंत आखिरी मैच में बड़ी पारी खेलकर सीजन खत्म करना चाहेंगे। गेंदबाजी में यह देखना दिलचस्प होगा कि मोहम्मद शमी की टीम में वापसी होती है या नहीं। मिचेल मार्श 13 मैचों में 563 रन बनाकर टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। प्रिंस यादव 13 मैचों में 16 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर हैं।

पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी उसका बल्लेबाजी क्रम बन गया है। शुरुआती मैचों में आक्रामक शुरुआत देने वाले प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली पिछले कुछ मैचों से फ्लॉप रहे हैं। प्रियांश ने पिछली 7 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है और पिछले मैच में शून्य पर आउट हुए थे। प्रभसिमरन भी पिछली 5 पारियों में केवल एक पचासा लगा सके हैं।

कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला भी शांत है। पिछली 6 हार में वे केवल एक बार 50 का आंकड़ा पार कर पाए हैं। दिल्ली के खिलाफ मैच जिताने वाला मिडिल ऑर्डर आउट ऑफ फॉर्म है, जबकि खराब गेंदबाजी और फील्डिंग ने टीम की मुश्किलें बढ़ाई हैं। कूपर कोनोली 13 मैचों में 473 रन बनाकर टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। अर्शदीप सिंह 13 मैचों में 14 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर हैं।