सलमान बोले- वरुण ने मेरा एक और गाना उठा लिया, ‘चुनरी चुनरी’ गाने के रीमेक पर किया रोस्ट

मुंबई में शनिवार को आयोजित एक फिल्म फेस्टिवल में सलमान खान, डायरेक्टर डेविड धवन और वरुण धवन के साथ शामिल हुए। पीवीआर आईनॉक्स के इस इवेंट में सलमान खान ने वरुण धवन की आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में उनके आइकॉनिक गाने ‘चुनरी चुनरी’ को रीक्रिएट करने पर मजाक में उनकी खिंचाई की। सलमान की इस बात पर वरुण शर्माने लगे। अब इस बातचीत के वीडियो सामने आए हैं। कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय और मजेदार हो गया जब सलमान खान ने वहां मौजूद लोगों के सामने वरुण धवन का मजाक उड़ाया। सलमान ने वरुण की तरफ इशारा करते हुए कहा, “इसने मेरा एक और गाना उठा लिया।” सलमान की यह बात सुनकर वरुण धवन शर्मा गए और हंसने लगे। उन्होंने हाथ जोड़कर सलमान से कहा, “भाई रहने दो।”

पीवीआर आईनॉक्स ने डायरेक्टर डेविड धवन के सिनेमाई सफर के सम्मान में इस खास फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया था। इवेंट में सलमान खान ब्लैक टी-शर्ट, लेदर जैकेट और डेनिम जींस पहनकर पहुंचे थे। उनका यह लुक फैंस को 1990 के दशक के आखिरी और 2000 के दशक के शुरुआती दौर की याद दिला रहा था।

इवेंट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर आए हैं, जिनमें डेविड धवन और वरुण धवन खुद सलमान को वेन्यू के अंदर ले जाते दिख रहे हैं। तीनों ने मीडिया के कैमरों के सामने कई पोज भी दिए।

सलमान खान का यह तंज साल 1999 में आई उनकी सुपरहिट फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ के प्रसिद्ध गाने ‘चुनरी चुनरी’ को लेकर था। इस गाने को मूल रूप से सलमान खान और सुष्मिता सेन पर फिल्माया गया था। रिलीज के इतने साल बाद भी यह गाना दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है। अब इस गाने को वरुण धवन की आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के लिए दोबारा तैयार किया गया है। नए वर्जन में वरुण धवन के साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर नजर आने वाली हैं।