बीजापुर : गोदाम में रखा 10 करोड़ का तेंदूपत्ता जलकर राख, वन विभाग ने निजी वेयरहाउस में रखवाए थे

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वन विभाग के एक गोदाम में आग लगने से 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के तेंदू पत्ते जलकर राख हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। बीजापुर के वन मंडल अधिकारी रमेश कुमार जांगड़े ने बताया कि ईटपाल गांव स्थित तेंदू पत्ता भंडारण केंद्र में सोमवार अपराह्न करीब 2:30 बजे आग लग गई। इस घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने बताया कि परिसर में खड़े तेंदू पत्तों से लदे वाहनों को और नुकसान से बचाने के लिए तत्काल बाहर निकाल लिया गया।

तेंदू पत्तों का उपयोग मुख्य रूप से बीड़ी बनाने में किया जाता है। अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियों की मदद ली जा रही है और उम्मीद है कि कुछ ही घंटों में आग पर नियंत्रण पा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, गोदाम में तेंदू पत्तों की लगभग 18 हजार बोरियां रखी थीं, जिनमें से कई खुले में रखी गई थीं।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग से 10 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि, आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।