पत्नी पसंद नहीं थी तो बेच दिया 50 हजार में…फिर दर्ज कराया मिसिंग केस
गुजरात में बनासकांठा के पालनपुर में पत्नी को 50 हजार रुपये में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी निकेश पटेल ने अपनी पत्नी को दोस्तों की मदद से अन्य लोगों को बेच दिया. इसके बाद आरोपी ने पालनपुर पश्चिम पुलिस थाने में पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवाई. पुलिस जांच के दौरान युवती को बरामद कर पूछताछ की गई, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ. जांच में सामने आया कि निकेश पटेल ने अपने साथी संजय ठाकोर, अशोक ठाकोर और सचिन दरबार के साथ मिलकर विवाहिता को 50 हजार रुपये में बेच दिया था. आरोप है कि उन्होंने महिला के गहने पहले ही छीनकर बेच दिए थे और उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया था.
पालनपुर पश्चिम पुलिस के पीआई आर.के. पटेल और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी निकेश पटेल पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी निकेशभाई वनलालभाई पटेल अपनी पत्नी को पसंद नहीं करता था. इसलिए उसने अपने मित्रों के साथ मिलकर उसे अन्य व्यक्तियों को ₹50,000 में बेच दिया था. इसके बाद आरोपी ने पत्नी के गुम होने की झूठी शिकायत भी दर्ज करवाई थी.
पुलिस ने तकनीकी और मानवीय जांच के आधार पर महिला को खोज निकाला तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में मानव तस्करी, धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है.
