अतिक्रमण हटाने गई टीम पर लाल मिर्ची से हमला, छत से बुजुर्ग महिला ने फेंका पाउडर, रोकनी पड़ी कार्रवाई
उज्जैन जिले के खाचरौद तहसील क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां प्रशासन की टीम अवैध अतिक्रमण हटाने गई थी. लेकिन, वहां मौजूद एक दंपति ने टीम पर लाल मिर्च पाउडर से हमला कर दिया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. यह पूरा मामला खाचरौद के ग्राम घिनोदा का है. गांव में आबादी वाले क्षेत्र में सड़क तक पक्का निर्माण कार्य किया गया था. इस अवैध निर्माण को हटाने के लिए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा था. ग्राम पंचायत सचिव चंद्रभान सिंह के अनुसार, मांगीलाल पाटीदार ने अपना मकान बनाते समय कथित रूप से सड़क की जमीन पर कब्जा कर लिया था. इसकी शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का फैसला लिया.
तय कार्यक्रम के अनुसार, 19 मई को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई. मौके पर राजस्व निरीक्षक (आर.आई.) भगवान सिंह, पटवारी धर्मेंद्र चौहान और तहसील की पूरी टीम पहुंची थी. साथ में सुरक्षा के लिए खाचरौद थाना पुलिस भी मौजूद थी. अधिकारियों ने सबसे पहले मांगीलाल पाटीदार और उनकी पत्नी सजनबाई को समझाने की कोशिश की. उन्हें समझाइश दी गई कि वे स्वयं ही सड़क तक किया गया निर्माण हटा लें. कुछ देर बाद दंपति घर के अंदर चले गए. प्रशासनिक टीम को लगा कि वे मान गए हैं, इसलिए टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी.
Ujjain | अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर लाल मिर्च से हमला, भागते नजर आए अधिकारी @AnchorAmitShar1
#Ujjain #Kachrod #ViralVideo #Encroachment #BreakingNews #MadhyaPradesh #asiannewsbharat pic.twitter.com/98JIOMccaM— Asian News Bharat (@Asian_newsBH) May 28, 2026
जैसे ही टीम ने काम शुरू किया, अचानक दंपति ने हमला बोल दिया. उन्होंने प्रशासनिक टीम पर लाल मिर्च पाउडर फेंकना शुरू कर दिया. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि सजनबाई घर की छत पर खड़ी हैं. वे नीचे मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगातार मिर्च पाउडर बरसा रही हैं. मिर्च के तीखेपन और जलन के कारण टीम के सदस्य अपनी जान बचाकर मौके से भागते नजर आए.
इस हमले के बाद ग्राम पंचायत सचिव चंद्रभान सिंह ने दंपति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र लिखा है. फिलहाल, खाचरौद थाना पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. हालांकि, दंपति के इस कड़े विरोध और हमले के कारण प्रशासन फिलहाल अतिक्रमण नहीं हटा पाया है. घटना के बाद से गांव में चर्चा का माहौल है.
