बस्तर : भीषण गर्मी के बीच बस्तर में आंधी और बारिश, कई इलाकों में मची तबाही

छत्तीसगढ़ के बस्तर में भीषण गर्मी के बीच बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया है. अचानक मौसम ने करवट ली है. पूरे बस्तर संभाग में झमाझम बारिश हुई है. बारिश के साथ आंधी तूफान भी देखने को मिला. बस्तर में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे. उसके बाद दोपहर में तेज आंधी तूफान के साथ बस्तर और सुकमा में जमकर बारिश हुई है. बस्तर संभाग में बदले मौसम और बारिश ने लोगों को राहत तो पहुंचाई लेकिन कई जगह तेज आंधी और हवाओं ने भारी नुकसान भी किया है. इस बारिश ने कई इलाकों में जमकर तबाही मचाई है. कई जगह पेड़ों की टहनियां गिरी. कई लोगों के छत हवा में उड़ गए. सीमेंट से बनी छत की चादरों को बड़ा नुकसान हुआ. कई इलाकों में सड़क पर खड़ी वाहनों पर पेड़ गिर गए. जगदलपुर के बस स्टैंड के सामने लगाया गया बोर्ड भी तूफान की चपेट में आकर नीचे सड़क पर गिर गया. काफी बारिश और आंधी तूफान का दौर जारी रहा. जिससे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा है.

आंधी तूफान और बारिश ने सीएसईबी विद्युत आपूर्ति को भी प्रभावित किया है. कई क्षेत्रों में बिजली करीब 2 घण्टे से गुल है.नौतपा के चौथे दिन हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. लोगों को गर्मी और उमस से हात मिली है. लेकिन इस बारिश और आंधी तूफान ने आम जन जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है. खेती किसानी भी प्रभावित हुई है. किसानों की खेत में लगी फसलों को नुकसान हुआ है.