CBI को मिली गिरिबाला और समर्थ की रिमांड, 2 जून तक चलेगी पूछताछ

मध्य प्रदेश के भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में गुरुवार को पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किए जाने के बाद मामले की जांच और तेज हो गई है. सीबीआई द्वारा गिरिबाला की गिरफ्तारी के बाद ने आज गिरिबाला सिंह और ट्विशा के पति समर्थ को कोर्ट में पेश किया गया. यहां अदालत ने दोनों से पूछताछ के लिए सीबीआई को उनकी पांच-पांच दिन की रिमांड दे दी है. अब दोनों आने वाले 2 जून तक सीबीआई रिमांड पर रहेंगे. फिर 2 जून को दोपहर 2 बजे उन्हें कोर्ट में दोबारा पेश करना होगा.

पहले से ही माना जा रहा था कि सीबीआई कोर्ट से दोनों की 3 से 7 दिन की रिमांड की मांग कर सकती है, क्योंकि एजेंसी अब गिरिबाला सिंह और समर्थ को आमने-सामने बैठाकर यह जानना चाहती है कि 12 मई की रात ट्विशा शर्मा की मौत से पहले आखिर क्या हुआ था. अब तक दोनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही थी. सीबीआई को इस बात का भी संदेह है कि घटनास्थल पर सबूतों के साथ छेड़छाड़ की गई, जिसके चलते गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी की गई है.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सीबीआई की टीम अचानक ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी. वहां उनसे लंबी पूछताछ की गई और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. इससे एक दिन पहले ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उन्हें मिली अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी.

इस चर्चित मामले में घटना से पहले और बाद की CCTV फुटेज, ट्विशा के पति समर्थ का घटना के बाद फरार होना और बाद में आत्मसमर्पण करना, साथ ही गिरिबाला सिंह के कई विवादित बयानों ने केस को लगातार सुर्खियों में बनाए रखा है. अब मामले में कानूनी कार्रवाई भी तेजी से आगे बढ़ रही है. जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है.