BHU हॉस्टल मेस का हाल बेहाल ! पहले सब्जी में निकली छिपकली, अब पराठे में मिला शीशे का टुकड़ा

वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) एक बार फिर छात्रावास के भोजन को लेकर चर्चा में है. विश्वविद्यालय के न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल की मेस में परोसे गए खाने में कथित तौर पर शीशे का टुकड़ा मिलने के बाद छात्राओं में नाराजगी फैल गई है. छात्राओं ने मेस की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं. मामले की शिकायत हॉस्टल वार्डन से की गई, जिसके बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. जानकारी के अनुसार, न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल में रात के खाने के दौरान एक छात्रा के पराठे में शीशे का टुकड़ा मिला. जैसे ही यह बात अन्य छात्राओं को पता चली, हॉस्टल में हंगामा शुरू हो गया. छात्राओं ने कहा कि मेस में खाने की गुणवत्ता को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है, जिससे उनकी सेहत को खतरा हो सकता है.

घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्राएं मेस और हॉस्टल प्रशासन के खिलाफ नाराज दिखीं. छात्राओं ने वार्डन से शिकायत करते हुए कहा कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है. छात्राओं का कहना था कि मेस में साफ-सफाई और खाने की जांच ठीक से नहीं की जा रही है.

छात्राओं के विरोध के बाद हॉस्टल वार्डन मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली. वार्डन ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. आश्वासन मिलने के बाद छात्राओं का गुस्सा शांत हुआ. यह पहली बार नहीं है जब BHU के हॉस्टल मेस को लेकर सवाल उठे हों. कुछ दिन पहले ही विश्वविद्यालय के डालमिया हॉस्टल की मेस में बने भोजन में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया था. उस घटना के बाद भी छात्रों ने मेस की व्यवस्था पर नाराजगी जताई थी.

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद छात्र अब विश्वविद्यालय प्रशासन से मेस व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं. छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की सेहत से किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए.