राजस्थान की हार के बाद रो पड़े सूर्यवंशी, टोपी से छिपाया चेहरा, सबसे कम गेंदों में IPL में हजार रन पूरे किए

गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। राजस्थान के फाइनल की रेस से बाहर होने के बाद वैभव सूर्यवंशी रो पड़े। उन्होंने इस मैच में सबसे कम गेंद पर हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वहीं गुजरात टाइटंस ने IPL में अपना सबसे बड़ा रनचेज करते हुए IPL 2026 के फाइनल में जगह पक्की की।

सूर्यवंशी ने शुक्रवार को 440 गेंद में अपने 1000 IPL रन पूरे किए। वे IPL में सबसे कम गेंद में हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, जिन्होंने हजार रन बनाने के लिए 545 गेंद खेली थी। गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालीफायर-2 में 215 रन का टारगेट चेज किया। यह IPL में गुजरात का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज है। इससे पहले उनको सबसे बड़ी जीत 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली थी। तब टीम ने अहमदाबाद में 204 रन चेज किया था।