बहराइच : सड़क पर बाइक से गिरा युवक, पास आकर बैठ गया तेंदुआ, मौत को सामने देख थम गईं सांसें

बहराइच। घर जा रहे युवक की बाइक के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। तेंदुआ देख बाइक सवार युवक अनियंत्रित होर जमीन पर गिर गया। अपने को बचाने के लिए वहां से दूर जाकर रुका। वहीं, बाइक के पास ही तेंदुआ शिकार के इंतजार में बैठा रहा। 10 मिनट बाद तेंदुआ जंगल की ओर गया तो वह बाइक लेकर घर के लिए रवाना हुआ। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बिछिया-सुजौली मार्ग पर रविवार दोपहर दो बजे एक युवक बाइक से बिछिया बाजार से सुजौली की ओर अपने घर जा रहा था। कुछ दूरी पर जंगल में अचानक उसकी बाइक के सामने तेंदुआ निकल आया। इससे युवक सहम गया और अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर गया। तेंदुए को सामने देख वह मोटरसाइकिल छोड़कर वहां जान बचाते हुए बाजार की ओर भागा। तेंदुआ बीच सड़क पर मोटरसाइकिल के पास ही करीब 10 मिनट तक बैठा रहा। इस दौरान यातायात भी बाधित रहा। इस बीच राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

शोर मचाने के बाद तेंदुआ सड़क से हटकर जंगल में चला गया। जिसके बाद बाइक उठाकर युवक वहां से अपने गंतव्य की ओर चला गया। तेंदुए की वीडियो कई राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया जो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि युवक कहां का निवासी है, यह नहीं पता चल सका है।