सीजी व्यापम ने जारी किया प्री-बीएड एंट्रेस एग्जाम का एडमिट कार्ड, 11 जून को परीक्षा
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam), रायपुर ने प्री-बीएड एंट्रेस एग्जामिनेशन 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पासवर्ड की आवश्यकता होगी। आधिकारिक सूचना के अनुसार प्री-बीएड एंट्रेस एग्जाम का आयोजन 11 जून 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक किया जाएगा।
यह परीक्षा छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में आयोजित होगी। परीक्षा का आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), छत्तीसगढ़ के सहयोग से किया जा रहा है।
परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचने की सलाह
सीजी व्यापम ने उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी है।
बोर्ड के अनुसार पहचान सत्यापन और फ्रिस्किंग प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त समय रखा गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड में दिए गए समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र का स्थान एक दिन पहले जाकर देख लेने की भी सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हेल्पलाइन नंबर जारी
यदि किसी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र या एडमिट कार्ड से जुड़ी किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे हेल्पलाइन 0771-2972780 या मोबाइल नंबर 8269801982 पर संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक के जरिए नहीं भेजे जाएंगे। उम्मीदवारों को ऑनलाइन ही सभी पेज डाउनलोड कर प्रिंट निकालना होगा। इन चरणों का पालन करके अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे:
उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाएं।
इसके बाद होमपेज पर ऊपर दिए गए Admit Card विकल्प पर क्लिक करें।
अब संबंधित लिंक पर क्लिक करें और लॉगिन विंडो खुलने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पासवर्ड दर्ज करें।
इसके बाद लॉगिन बटन दबाएं।
एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा। उम्मीदवार सभी जानकारियां जांचने के बाद इसे डाउनलोड कर लें और प्रिंट निकाल लें।
