DMK 8 जून को I.N.D.I.A. की बैठक शामिल नहीं होगी, उदयनिधि बोले- कांग्रेस ने धोखा दिया

तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि कांग्रेस ने एक्टर विजय की पार्टी TVK को समर्थन देकर DMK के साथ धोखा किया है। वे कांग्रेस के इस विश्वासघात को कभी नहीं भूलेंगे। गुरुवार को चेपॉक-ट्रिपलिकेन निर्वाचन क्षेत्र में एक धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए उदयनिधि ने कहा- चुनाव के बाद कांग्रेस के जितने भी विधायक जीते। वे DMK लीडर से मिलने तक नहीं आए। इस बीच DMK ने 8 जून को दिल्ली में होने वाली I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक में नहीं जाने का फैसला लिया है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, DMK गठबंधन का हिस्सा थी। चुनाव के बाद कांग्रेस के पांच विधायकों ने TVK को समर्थन दे दिया। इसके बाद DMK और कांग्रेस का करीब 20 साल पुराना गठबंधन टूट गया।

DMK ने लोकसभा में कांग्रेस सांसदों के साथ ना बैठने का फैसला किया। सांसद कनिमोझी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को लेटर लिखकर सिटिंग अरेंजमेंट बदलने की मांग की। कनिमोझी ने कहा कि बदलते हालातों में कांग्रेस सांसदों के साथ बैठना उचित नहीं है। लोकसभा में 22 सांसदों वाली DMK, विपक्षी INDIA गठबंधन की चौथी सबसे बड़ी पार्टी है।

DMK ने 8 जून को दिल्ली में होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक में जाने से इनकार किया। राहुल, ममता और अखिलेश समेत 15 दलों के नेता इसमें शामिल हो सकते हैं। विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में नीतीश कुमार की अगुआई में हुई थी। इसमें 15 दल शामिल हुए थे। बाद में नीतीश भाजपा के साथ आ गए।

INDIA गठबंधन की सत्ताधारी पार्टी DMK तमिलनाडु में और TMC पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों में हार गई है। INDIA गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में TMC से अलग चुनाव लड़ा था। वहीं तमिलनाडु में रिजल्ट के बाद विजय की पार्टी TVK को समर्थन दिया है। तमिलनाडु में एक्टर विजय ने 2024 में TVK पार्टी बनाई थी। विधानसभा चुनावों TVK ने 108 सीटों पर जीत हासिल की है।