संभल में बुलडोजर एक्शन: खेड़ेश्वर महादेव मंदिर के पास अवैध मजार जमींदोज

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बबराला थाना इलाके के बाघऊ गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां खेड़ेश्वर महादेव मंदिर के पास सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है. दस्तावेजों के मुताबिक, यह जमीन ‘ऊसर’ के नाम पर दर्ज है, जिस पर कुछ साल पहले अवैध कब्जा कर मजार खड़ी कर दी गई थी. इस अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मौके पर डीएम अंकित खंडेलवाल, एसपी केके बिश्नोई, एसडीएम विकास चंद्र और नायब तहसीलदार भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद हैं. संभल के बाघऊ गांव में ‘खेरे वाले बाबा चमन शाह बाबा दरगाह शरीफ मजार’ द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई हुई है. लेखपाल की जांच रिपोर्ट के अनुसार, गाटा संख्या 592 की भूमि के 24 वर्गमीटर क्षेत्र पर अजीज पुत्र अल्लन ने अवैध निर्माण कराया था.

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सभा की शिकायत पर राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत साल 2026 में केस दर्ज हुआ था. तहसीलदार न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने और 39,000 रुपये क्षतिपूर्ति का आदेश दिया था. इसके खिलाफ आरोपी पक्ष की जिलाधिकारी न्यायालय में दायर अपील भी 3 जून 2026 को खारिज कर दी गई. नायब तहसीलदार अनुज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर एक्शन लिया गया. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना बबराला, गुन्नौर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे.