ममता की करीबी राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने दिया इस्तीफा, TMC को एक और झटका

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को एक और बड़ा झटका लगा है. पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की करीबी मानी जाने वाली राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. सुष्मिता देव का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब टीएमसी पहले से ही अंदरूनी असंतोष और नेताओं के पार्टी छोड़ने की घटनाओं का सामना कर रही है. उनके इस्तीफे को पार्टी के लिए एक और राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, इस्तीफे के पीछे की वजहों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. सुष्मिता देव लंबे समय से टीएमसी का प्रमुख चेहरा रही हैं और पार्टी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं.

बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हारने के बाद से ममता बनर्जी की पार्टी TMC की रार खुलकर सामने आ गई है. पार्टी के कई नेताओं ने महज महीने भर के अंदर शीर्ष नेतृत्व से दूरी बनाना शुरू कर दिया है. वहीं पार्टी में लोकल लेवल से लेकर राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के एक के बाद एक इस्तीफे हो रहे हैं. आलम यह है कि धीरे-धीरे ममता बनर्जी अकेली पड़ती जा रही हैं. उनके कई करीबी उनका साथ छोड़ चुके हैं. इनमें काकोली घोष दस्तीदार, सुखेंदु शेखर के नाम प्रमुख हैं. वहीं अब सुष्मिता देव ने भी राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है.