बरेली: दहेज में नहीं मिली बुलेट और 2 लाख तो बाराती-घराती में चले लात-घूंसे, फेंकी प्लेटें
बरेली के आंवला थाना क्षेत्र में एक बारात घर में शादी समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग आपस में बुरी तरह भिड़ गए. दूल्हा पक्ष द्वारा दहेज के रूप में दो लाख रुपये और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने के कारण यह विवाद पैदा हुआ. खाना खाने के दौरान दोनों पक्ष अचानक आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लात-घूंसे, कुर्सियां तथा खाने की प्लेटें फेंककर हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वायरल वीडियो के आधार पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी.
शादी की खुशियां उस वक्त काफूर हो गईं जब धूमधाम से संपन्न हो रहे समारोह में दहेज की मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते पूरे बारात घर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने खाना उठाकर इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया. इस मारपीट में जिसके हाथ में जो आया, उसने उसी से हमला किया. किसी ने कुर्सी उठाकर मारी तो कोई खाने की प्लेटें दूसरे पक्ष पर फेंकता नजर आया.
इस पूरी घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने आंवला थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
इस संबंध में फोन पर जानकारी देते हुए आईपीएस अंशिका वर्मा ने बताया कि पुलिस को मामले की शिकायत प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
