उन्नाव में साधु हत्याकांड मामले में प्रशासन का एक्शन, हत्या स्थल के पास बने कथित अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

उन्नाव के बांगरमऊ कस्बे में साधु बाबा रामदास की हत्या के बाद प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या स्थल के निकट बने एक कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक टीम ने घूरे टोला मोहल्ले में पहुंचकर सभासद अतीक के बैठके के रूप में बने निर्माण को गिराया। प्रशासन का कहना है कि यह निर्माण सरकारी (जीएस) भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था, जिसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान ब्रजेन्द्र मोहन शुक्ला, गुंजन गुप्ता समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साधु बाबा रामदास की हत्या के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी हुई है और आरोपितों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में पांच युवकों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।