ट्राई सीरीज; इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को 350 का टारगेट दिया, प्रभसिमरन, गायकवाड और तिलक की फिफ्टी
इंडिया-ए ने ट्राई नेशन वनडे सीरीज के दूसरे मैच में अफगानिस्तान-ए को 350 रन का टारगेट दिया है। गुरुवार को दांबुला में अफगानी टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। इंडिया-ए ने 49 ओवर में 9 विकेट पर 349 रन बनाए। बारिश के कारण दोनों पारियों में एक-एक ओवर की कटौती की गई है। बारिश के कारण दूसरी पारी शुरू होने में देरी हो रही है।
ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने बॉलर्स फ्रेंडली कंडीशंस में प्रभसिमरन सिंह के साथ तेजी से रन बनाए। दोनों ने 43 बॉल पर 74 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। वैभव 22 बॉल पर 44 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद प्रियांश आर्या (8 रन) भी जल्दी आउट हो गए। आयुष बडोनी तो खाता भी नहीं खोल सके।
भारतीय टीम की ओर से ओपनर प्रभसिमरन सिंह (84 रन), ऋतुराज गायकवाड (66 रन) और तिलक वर्मा (66 रन) ने अर्धशतक लगाए। सूर्यांश शेडगे ने 40 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से अब्दुल्लाह अहमदजई ने 5 विकेट झटके। फरमनुल्लाह सफी को 3 सफलताएं मिलीं। एक विकेट कप्तान इमरान मीर को मिला।
