फुटबॉल वर्ल्ड कप आज रात से शुरू होगा, मैक्सिको और साउथ अफ्रीका में ओपनिंग मैच
फुटबॉल के सबसे बड़े इवेंट FIFA वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत शुक्रवार रात से होने जा रही है। पहले दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का पहला मैच मेजबान मैक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे से शुरू होगा। दिन का दूसरा मैच साउथ कोरिया और चेक रिपब्लिक के बीच ग्वाडलाहारा स्टेडियम में होगा। यह मुकाबला 12 जून को सुबह 7:30 बजे से खेला जाएगा। पहले दिन खेलने वाली चारों टीमें ग्रुप- A में मौजूद हैं।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 4 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 2 मुकाबले मैक्सिको ने जीते हैं, जबकि साउथ अफ्रीका 1 मैच जीतने में सफल रही। वहीं 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है। FIFA वर्ल्ड कप में दोनों टीमों का सिर्फ 1 बार 2010 में आमना-सामना हुआ। वह मैच 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ था।
फुटबॉल रैंकिंग के लिहाज से मेजबान मैक्सिको की स्थिति बेहद मजबूत है। मैक्सिको फिलहाल दुनिया की 15वें नंबर की टीम है। इसके उलट साउथ अफ्रीका की टीम रैंकिंग में 60वें पायदान पर है।
मैक्सिको को कप्तान एडसन अल्वारेज और अनुभवी स्ट्राइकर राउल हिमेनेज से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होंगी। वहीं साउथ अफ्रीका अफ्रीका से कप्तान रोनवेन विलियम्स और स्ट्राइकर लाइल फोस्टर और ओसविन अपोलिस की जोड़ी पर निगाहें रहेंगी।
दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग इलेवन
मैक्सिको: ओचोआ, सांचेज, मोंतेस, अल्वारेज, गाल्यार्दो, गुतिएरेज, फिदाल्गो, पिनेडा, अल्वारादो, हिमेनेज, किन्योनेस।
दक्षिण अफ्रीका: विलियम्स, मुदाउ, म्बोकाजी, ओकोन, मोडिबा, म्बाथा, सिथोले, मोकोएना, अपोलिस, फोस्टर, मोरेमी।
