विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप आज से, इंग्लैंड-श्रीलंका में पहला मैच
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत आज से होने जा रही है। टूर्नामेंट का पहला मैच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच बर्मिंघम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा। इस मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी होगी, जिसमें ब्रिटिश एक्ट्रेस एमा किंग्सटन और एक्टेस-सिंगर जिजी स्ट्रॉलेन परफॉर्म करेंगी। इंग्लैंड की कमान नैट सिवर-ब्रंट के हाथों में है, जबकि श्रीलंका की अगुवाई चमारी अट्टापटू करेंगी। टी-20 इंटरनेशन मैचों में इंग्लैंड का पलड़ा श्रीलंका पर भारी रहा है। दोनों के बीच अब तक 12 मैच खेले गए हैं। इसमें इंग्लैंड ने 10 मुकाबले जीते हैं, जबकि श्रीलंका सिर्फ 2 मैच ही अपने नाम कर सकी। टी-20 वर्ल्ड कप में की बात करें तो इंग्लैंड और श्रीलंका 2 बार आपस में भिड़ी हैं। दोनों बार इंग्लैंड ने जीत दर्ज की है।
टी-20 में इंग्लैंड के लिए डैनी व्याट हॉज हाईएस्ट रन स्कोरर रही हैं। उन्होंने 180 मैचों में 129.03 की स्ट्राइक रेट से 3369 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 124 रन रहा है। गेंदबाज सोफी एक्लेस्टन ने इंग्लैंड की टॉप विकेट टेकर रही हैं। उन्होंने 106 टी-20 मैचों में 6.03 की इकोनॉमी से रन खर्च करते हुए 144 विकेट चटकाए हैं। उनका बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस 18 रन देकर 4 विकेट है।
श्रीलंकाई टीम काफी हद तक अपनी कप्तान चमारी अट्टापटू पर निर्भर हैं। रिकॉर्ड्स भी कुछ ऐसा ही बताते हैं। ऑलराउंडर अट्टापटू ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के साथ सबसे ज्यादा विकेट भी लिए हैं। उन्होेंने टी-20 में 157 मैचों में 110.9 की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 3752 रन बनाए हैं। इस दौरान 119* रन उनका बेस्ट स्कोर है। इतने ही मैचों में उन्होंने 6.66 की इकोनॉमी से 71 विकेट भी अपने नाम किए हैं। उनका बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन 29 रन देकर 4 विकेट रहा है।
