कुएं में गिरा, 4 दिन रहा भूखा-प्यासा, फिर भी निकला सही-सलामत!… जानिए क्या है पूरा मामला
ओडिशा के बरगढ़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने एक युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसे मृत समझकर सुनसान इलाके में स्थित एक गहरे कुएं में फेंक दिया। हालांकि युवक की सांसें चल रही थीं और उसने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। चार दिन तक कुएं में फंसे रहने के बाद वह पांचवें दिन जीवित बाहर निकाला गया। यह घटना बिजेपुर ब्लॉक के समलाईपदार नर्सरी क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब तीन बजे पांच लोगों ने युवक के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे मृत समझकर एक कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
कुएं में गिरने के बावजूद युवक जीवित था। वह लगातार चार दिनों तक भूख-प्यास से जूझते हुए मदद के लिए आवाज लगाता रहा, लेकिन उसकी पुकार किसी तक नहीं पहुंच सकी। आखिरकार पांचवें दिन एक ग्रामीण लकड़ियां इकट्ठा करने के लिए उस क्षेत्र में पहुंचा। तभी उसे कुएं के भीतर से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।
ग्रामीण ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची बचाव टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए बिजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक के लापता होने की शिकायत तीन दिन पहले पद्मपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस हत्या के प्रयास समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
