ट्रंप बोले ‘आज जंग खत्म हो गई’, लेकिन ईरान का दावा- अभी कोई डील फाइनल नहीं

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने आज ईरान के साथ 3 महीने से चल रहा युद्ध खत्म कर दिया है. इस बड़े बयान से ठीक पहले उन्होंने कहा था कि दोनों देश लड़ाई रोकने के लिए एक “बहुत मजबूत समझौता ज्ञापन यानी मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर सहमत हो गए हैं. हालांकि ईरान ने साफ-साफ कहा है कि अभी कोई समझौता फाइनल नहीं हुआ है. यानी दोनों तरफ से अलग-अलग दावे हैं और यह पहली बार नहीं है जब स्थिति ऐसी है.

डोनाल्ड ट्रंप ने एक वर्चुअल जनसभा में कहा, “मुझे नहीं पता कि आपने सुना या नहीं, लेकिन हमने आज ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया है. उन्होंने यह मान लिया है कि वे कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएंगे. हम इसी बात पर अड़े हुए थे. यही पूरा मकसद था. लगभग 95 प्रतिशत मामला इसी से जुड़ा था.”

ट्रंप के इस बयान से पहले उन्होंने आज ईरान पर आगे होने वाले हमले रद्द कर दिए. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर संकेत दिया कि कोई समझौता हो गया है, लेकिन उसकी शर्तों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी. ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा कि ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले जहाजों पर उस समय तक अमेरिका की नाकेबंदी जारी रहेगी, जब तक कि यह समझौता पूरी तरह अंतिम रूप नहीं ले लेता.

ईरान ने अभी तक किसी भी समझौते की पुष्टि नहीं की है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA को बताया कि अमेरिका के साथ किसी समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की खबरें “सिर्फ अटकलें” हैं और कहा कि तेहरान ने अभी तक किसी भी समझौते पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है.

प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि कतर और पाकिस्तान “मध्यस्थ के तौर पर सक्रिय” हैं, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि “अमेरिका के कदमों का असर कूटनीतिक प्रक्रिया पर पड़ रहा है.” IRNA के अनुसार, बघाई ने कहा, “शुरुआत से ही बातचीत में पोजिशन हमारे लिए स्पष्ट था और समझौते के मसौदे का एक बड़ा हिस्सा पहले ही तय हो चुका था. हालांकि, अमेरिकी अपना रुख बदलते रहे.”

उन्होंने आगे कहा कि ईरान ने “यह साबित कर दिया है कि वह अपनी ‘रेड लाइन्स’ (अहम शर्तों) पर कोई समझौता नहीं करता है.” उन्होंने कहा कि अब तक, ईरान किसी भी समझौते को लेकर किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंचा है.