FIFA वर्ल्ड कप में स्पेन का मैच आज, केप वर्डे टूर्नामेंट में डेब्यू करेगी

FIFA वर्ल्ड कप 2026 में आज स्पेन का मुकाबला पहली बार टूर्नामेंट खेल रही केप वर्डे टीम के साथ होगा। यह पहली बार है, जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच अटलांटा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे से शुरू होगा। इसके बाद बेल्जियम और मिस्र के बीच रात 12:30 बजे से मैच शुरू होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार 16 जून को सिएटल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी दिन रात 3:30 बजे से सऊदी अरब और उरुग्वे की भिड़ंत मियामी स्टेडियम में होगी। चौथा मुकाबला ईरान और न्यूजीलैंड के बीच होगा। यह मैच लॉस एंजिल्स स्टेडियम में 12:30 बजे से शुरू होगा।

ग्रुप-G में शामिल स्पेन और कैरेबियाई देश केप वर्डे के बीच फुटबॉल इतिहास का यह पहला मुकाबला होगा। वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रही केप वर्डे की टीम दिग्गज खिलाड़ियों से सजी स्पेन के खिलाफ उलटफेर के इरादे से उतरेगी।

वहीं स्पेन काफी हद तक अपनी युवा और आक्रामक तिकड़ी लामिन यामल, निको विलियम्स और अल्वारो मोराटा पर निर्भर है।

दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग इलेवन:

स्पेन: सिमोन, कारवाहाल, ले नॉर्मैंड, लापोर्ते, कुकुरेला, रोद्री, फैबियन रूइज, पेद री, लामिन यामल, निको विलियम्स, मोराटा।

केप वर्डे: वोझिन्या, मोरेरा, कोस्टा, लोपेज, फर्नांडीस, पिना, रोचा, मोंटेइरो, मेंडेस, बेबे, रोड्रिगेज।

ग्रुप-G में शामिल बेल्जियम और मिस्र के बीच अब तक कुल 4 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 3 मुकाबले मिस्र ने जीते हैं, जबकि बेल्जियम को सिर्फ 1 मैच में सफलता मिली है।

FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी।

बेल्जियम की टीम को अपने स्टार मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन से शानदार खेल की उम्मीद होगी। दूसरी ओर, मिस्र की उम्मीदें उनके स्टार फॉरवर्ड मोहम्मद सलाह के जादुई प्रदर्शन पर टिकी होंगी।