कन्नूर से जेद्दाह जा रही फ्लाइट ने हवा में लिया यू-टर्न, तकनीकी खराबी के कारण वापसी
कन्नूर से जेद्दाह जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट ने तकनीकी खराबी की वजह से हवा में ही यू-टर्न ले लिया. फ्लाइट अपने बेस यानी कन्नूर एयरपोर्ट वापस आ गई. प्रभावित यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट का इंतजाम किया जा रहा है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने स्टेटमेंट में कहा, “हमारी कन्नूर-जेद्दाह फ़्लाइट के क्रू ने तकनीकी खराबी के बाद एहतियात के तौर पर वापस लौटने का फैसला किया. हम आगे की यात्रा के लिए दूसरे विमान का इंतज़ाम कर रहे हैं और यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और होटल में ठहरने की सुविधा दी गई है.”
एयरलाइन ने आगे कहा कि हमें हुई असुविधा के लिए खेद है और हम दोहराते हैं कि हमारे कामकाज के हर पहलू में सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को कन्नूर से जेद्दा जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ़्लाइट, विमान के इंजन में खराबी के कारण उड़ान भरने के दो घंटे के भीतर ही वापस लौट आई. सूत्रों ने बताया कि 180 से ज़्यादा यात्रियों वाला यह विमान सुबह 7:40 बजे कन्नूर एयरपोर्ट से उड़ा था, लेकिन उड़ान के करीब दो घंटे बाद पायलटों ने इंजन की वॉर्निंग लाइट देखी और वापस लौटने का फ़ैसला किया.
उन्होंने बताया, “फ़्लाइट कन्नूर में सुरक्षित उतर गई और सभी यात्री ठीक हैं. विमान की जांच करने पर पता चला कि फ़्यूल फ़िल्टर में कुछ खराबी थी. लैंडिंग से पहले फ़्यूल कम करने के लिए विमान ने कुछ देर तक एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाए.”
