उद्धव शिवसेना ने दिल्ली में सांसदों की मीटिंग बुलाई, दावा- 9 में से 6 सांसद बागी, राउत बोले- ₹50-50 करोड़ ऑफर हुए

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 से 7 सांसदों के शिंदे गुट की शिवसेना में जाने की अटकलें तेज हैं। इस बीच पार्टी ने गुरुवार को दिल्ली में संसदीय समिति की बैठक बुलाई है। पार्टी ने सभी सांसदों को व्हिप जारी कर बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया है। जो सांसद बैठक में नहीं आएंगे, पार्टी उनके खिलाफ डिस्क्वालिफिकेशन की कार्रवाई कर सकती है। इससे पहले उद्धव गुट की शिवसेना ने 2022 में भी ऐसा ही व्हिप जारी किया था। तब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 39 विधायकों ने बगावत की थी। बाद में विधायकों के खिलाफ अयोग्यता की कार्रवाई शुरू की गई थी।

महाराष्ट्र की राजनीति में मौजूदा घटनाक्रम को ‘ऑपरेशन टाइगर’ नाम दिया गया है। अविभाजित शिवसेना का चुनाव चिह्न और प्रतीक ‘बाघ’ था, जिसे पार्टी संस्थापक बालासाहेब ठाकरे ने डिजाइन किया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उद्धव गुट के 6 से 7 सांसद मंगलवार देर रात दिल्ली पहुंच गए हैं। सभी आज लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद उनके प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की संभावना है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी मंगलवार रात से दिल्ली में हैं। इधर, उद्धव और अन्य पार्टी लीडर्स अपने सांसदों से लगातार संपर्क करने और उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन बातचीत नहीं हो पा रही है।

शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि सांसदों को खरीदने के लिए ₹50-₹50 ऑफर हुए हैं। राउत ने TMC सांसद महुआ मोइत्रा के एक पोस्ट के जवाब में X पर लिखा, ‘एक सांसद का मिनिमम सपोर्ट प्राइज ₹50 करोड़ है। ₹15 करोड़ तो सिर्फ एडवांस है।’ इससे पहले महुआ मोइत्रा ने भी तंज कसते हुए लिखा था, “सिर्फ ₹15 करोड़? इतने सस्ते में क्यों जा रहे हैं? हमारे यहां तो ₹4 करोड़ एडवांस और बाकी कार्यकाल के लिए हर महीने ₹1 करोड़ देने की बात थी।’

राउत ने अपने एक और पोस्ट में दावा किया कि चार्टर्ड प्लेन से UBT सांसदों को महाराष्ट्र से दिल्ली ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा- डरपोक भेड़ियों के भागने को ऑपरेशन टाइगर क्यों कहा जा रहा है? इससे पहले राउत ने कहा था कि अगर ऑपरेशन टाइगर चला, तो हम ऑपरेशन वुल्फ शुरू करेंगे।

शिवसेना (UBT) सांसद संजय दीना पाटिल ने पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा- मेरा नाम किसी भी बागी सांसदों की लिस्ट में नहीं है। मैं उद्धव ठाकरे की पार्टी का सांसद हूं और इसी पार्टी में रहूंगा।

उद्धव ठाकरे ने 14 जून को लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई थी। इसमें 9 में से 4 सांसद व्यक्तिगत रूप से और 4 ऑनलाइन शामिल हुए थे। सांसद संजय देशमुख पारिवारिक कारणों का हवाला देकर बैठक में शामिल नहीं हुए थे।

उन्होंने 15 जून को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव से मुलाकात की थी। दोनों की मुलाकात पर राउत ने कहा कि पार्टी के सभी सांसद एकजुट हैं। राउत के मुताबिक, सांसदों ने अपनी मां, बच्चों, साईंबाबा और देवी तुलजाभवानी की शपथ लेकर कहा कि वे उद्धव ठाकरे का साथ नहीं छोड़ेंगे।