ट्राई सीरीज; इंडिया-ए ने 320 रन बनाए, अफगानिस्तान-ए 62/2
इंडिया-ए ने ट्राई नेशन सीरीज के करो या मरो मैच में अफगानिस्तान-ए को 320 रन का टारगेट दिया है। भारतीय टीम ने दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में बुधवार को 50 ओवर में 9 विकेट पर 319 रन बनाए। जवाबी पारी में अफगानिस्तान-ए ने 9 ओवर में दो विकेट पर 62 रन बना लिए हैं। कप्तान इमरान मीर और फैसल शिनोजादा क्रीज पर हैं। अंशुल कम्बोज ने खालिद तनिवाल (13 रन) और यश ठाकुर ने हसन इसाखिल (14 रन) को पवेलियन की राह दिखाई।
15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी 28 बॉल पर 38 रन बनाकर आउट हुए। वे लगातार चौथी पारी में फिफ्टी नहीं बना सके हैं। हालांकि, प्रियांश आर्या (58 रन), कुमार कुशाग्र (58 रन) और तिलक वर्मा (59 रन) के अर्धशतकों ने टीम को 300 के पार पहुंचा दिया। अफगानिस्तान-ए की ओर से फरिदून दऊदजई और फरमनुल्लाह सफी ने 2-2 विकेट झटके।
वैभव इस सीरीज के 4 मैचों में 117 रन ही बना सके। इस सीरीज में उनका बेस्ट प्रदर्शन 44 रन रहा। 24 साल के भारतीय ओपनर प्रियांश आर्या ने लिस्ट-ए करियर की चौथी फिफ्टी लगाई। वे 42 बॉल पर 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के साथ 75 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की।
