मंधाना टी-20 में 600 चौके लगाने वाली पहली बैटर बनीं, वर्ल्डकप में छठी फिफ्टी लगाई

भारत ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड को 95 रन से हरा दिया। लीड्स में स्मृति मंधाना ने 74 रन की पारी में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। वे मेंस और विमेंस टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 600 चौके पूरे करने वाली पहली बल्लेबाज बनीं। बुधवार को मंधाना ने मिताली राज और हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। दूसरी ओर दीप्ति शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में झूलन गोस्वामी के सबसे ज्यादा विकेट के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

मंधाना ने नीदरलैंड के खिलाफ 11 चौके लगाए। उनके नाम टी-20 इंटरनेशनल में 603 चौके हो गए हैं। वे पुरुष या महिला टी-20 इंटरनेशनल में 600 चौके पूरे करने वाली दुनिया की पहली प्लेयर बन गई हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स 521 चौकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

स्मृति ने टी-20 वर्ल्ड कप में छठवां 50+ स्कोर बनाया। वे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाली भारतीय बन गई हैं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर और मिताली राज के 5 फिफ्टी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के 355 विकेट हो गए हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों की लिस्ट में पूर्व भारतीय गेंदबाज झूलन गोस्वामी की बराबरी कर ली है। झूलन के नाम भी 355 इंटरनेशनल क्रिकेट विकेट हैं।

भारतीय विमेंस टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए। यह टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। यह इस टूर्नामेंट में भारत का पहला 200+ स्कोर भी है। इसस पहले भारत ने 2018 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 194/5 का स्कोर बनाया था।

शेफाली और स्मृति ने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़े। यह टी-20 इंटरनेशनल में दोनों की 5वीं शतकीय साझेदारी थी। सबसे ज्यादा सेंचुरी पार्टनरशिप के मामले में अब वे दुनिया की संयुक्त रुप से दूसरी जोड़ी है। पहले नंबर पर UAE की ईशा ओझा और थीर्था सतीश हैं। दोनों ने 6 बार यह कारनामा किया है।

भारत ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में अपना सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बनाया। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में बिना विकेट खोए 59 रन बनाए। इससे पहले टीम ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 विकेट खोकर 59 रन बनाए थे।