CG NEWS : 5वीं, 8वीं की अंकसूची में देरी, छात्र और परिजन परेशान

छत्तीसगढ़ समेत सूरजपुर जिले में 5वीं और 8वीं बोर्ड परीक्षाएं अप्रैल माह में ही संपन्न हो चुकी हैं, लेकिन परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद भी अब तक कई छात्रों को उनकी अंकसूची नहीं मिल पाई है. अंकसूची में हो रही देरी के कारण छात्र और उनके परिजन नए कक्षाओं में प्रवेश को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं. मार्च-अप्रैल माह के बीच आयोजित 5वीं और 8वीं की परीक्षाओं में सूरजपुर जिले से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे. जिले में 5वीं कक्षा के करीब 15 हजार 800 और 8वीं कक्षा के 12 हजार 198 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी. छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि आगे की पढ़ाई के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन अंकसूची नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई छात्र यह जानने को लेकर असमंजस में हैं कि उनका वास्तविक परिणाम क्या है और प्रवेश प्रक्रिया में किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी.

वहीं इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि परीक्षा परिणाम बीईओ और संकुल समन्वयकों को उपलब्ध करा दिए गए हैं और जल्द ही छात्रों को अंकसूची वितरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.

हालांकि, कई स्कूलों में रिजल्ट की पीडीएफ को लेकर भी शिक्षकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि किस परिणाम को अंतिम माना जाए. इसके बावजूद स्कूलों में छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश दिया जा रहा है.