भारत की विमेंस टी-20 वर्ल्डकप 2026 में पहली हार, साउथ अफ्रीका 6 विकेट से जीता

भारत को विमेंस टी-20 वर्ल्डकप 2026 में पहली हार का सामना करना पड़ा। मैनचेस्टर में साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। यह टूर्नामेंट में टीम का सबसे बड़ा रनचेज भी रहा। साउथ अफ्रीका के लिए मारिजान कैप ने 45 बॉल में नाबाद 81 रन बनाए। पारी में 7 चौके और 4 छक्के भी लगाए। इतना ही नहीं कैप ने गेंदबाजी में भी 2 विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने तेज शुरुआत की। शेफाली वर्मा ने सिर्फ 15 गेंदों में 31 रन बनाए। उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया। स्मृति मंधाना ने 12 गेंदों में 17 रन बनाए। भारत ने पावरप्ले में 59 रन बनाए। हालांकि साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर भारत को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। यस्तिका भाटिया ने 15, जेमिमा रोड्रिग्स ने 12, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 24 और दीप्ति शर्मा ने 29 रन का योगदान दिया। ऋचा घोष 15 रन बनाकर आउट हुईं।

साउथ अफ्रीका के लिए शबनीम इस्माइल और मारिजान कैप ने 2-2 विकेट लिए। आयाबोंगा खाका, नदीन डी क्लर्क और नॉनकुलुलेको म्लाबा को 1-1 विकेट मिला। 159 रन का पीछा करते हुए अफ्रीका की शुरुआत बेहद धीमी रही। टीम ने पावरप्ले में सिर्फ 25 रन बनाए और 2 विकेट गंवा दिए। श्री चरणी ने कप्तान लॉरा वोल्वार्ट (20 रन) और एनेरी डर्कसन (शून्य) को आउट कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद मारिजान कैप और ताजमिन ब्रिट्स ने पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। ब्रिट्स ने 36 गेंदों में 40 रन बनाए।

भारत ने बीच के ओवरों में मुकाबले पर पकड़ बना ली थी, लेकिन मारिजान कैप को दो जीवनदान मिले। लॉन्ग-ऑन पर राधा यादव ने कैप के दो कैच छोड़े। श्री चरणी ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। शेफाली वर्मा ने भी एक विकेट हासिल किया।

साउथ अफ्रीका को आखिरी 12 गेंदों में 18 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में दीप्ति शर्मा की बॉल पर मारिजान कैप ने दो छक्के जड़ दिए। उन्होंने ओवर से 16 रन बटोरे। आखिरी ओवर में टीम को सिर्फ 2 रन चाहिए थे। नंदनी शर्मा की पहली ही गेंद पर क्लो ट्रायन ने चौका लगा दिया। मारिजान कैप 81 रन बनाकर नाबाद लौटीं।

भारत पॉइंट्स टेबल में 2 जीत के साथ 4 पॉइंट्स लेकर दूसरे स्थान पर बना हुआ है। टीम का अगला मुकाबला 25 जून को बांग्लादेश के खिलाफ है। अगर भारत जीतता है तो 6 पॉइंट्स के साथ सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा। यदि भारत बांग्लादेश से हार जाता है, तो उसे आखिरी लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा।

फिलहाल ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया 6 अंकों के साथ टॉप पर है। साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के 4-4 अंक हैं। नीदरलैंड और पाकिस्तान बाहर हो चुके हैं।